लक्सा लूटकांड: पूर्व CM अखिलेश ने कसा था तंज, बदमाश को गिरफ्तार कर पुलिस ने बचाई साख

आशुतोष त्रिपाठी

वाराणसी। लक्सा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन लूटकर बनारस पुलिस की साख पर सवाल उठाने वाले एक बदमाश को क्राइम ब्रान्च और लक्सा पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश के पास से असलहा, कारतूस, सोने की चेन का टुकड़ा और बाइक बरामद हुआ है।

शुक्रवार को पुलिस लाइन में एसएसपी आरके भारद्वाज ने इसका खुलासा किया। एसएसपी ने बताया कि दूसरा आरोपी जो कि बाइक चला रहा था, उसकी तलाश जारी है।

दरअसल दिनदहाड़े घटी इस घटना को लेकर वाराणसी पुलिस विभाग की काफी किरकिरी हुई थी। घटना के बाद पुलिस तब हकत में आई थी जब इस घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया में वायरल हुई थी। इसी घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्विट कर राज्य और केंद्र सरकार पर तंज कसा था।

वायरल वीडियो में दिख रहा था….

सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो गया था। वीडियो में दिखाई दे रहा था कि बाइक सवार दो बदमाश खड़े थे। सामने से एक महिला गुजरती हैं तो एकबदमाश उनकी कनपटी पर तमंचा सटाकर गले से चेन खींचने लगता है।

महिला बदमाश से उलझ जाती हैं और आसपास के लोग दौड़ कर नजदीक आते हैं तो दूसरा बदमाश भी बाइक से उतरता है और तमंचा लहराते हुए सबको दूर हट जाने के लिए धमकाता है।

इसी बीच पहला बदमाश महिला की चेन का आधा हिस्सा छीनने में कामयाब हो जाता हैं और फिर दोनों तमंचा लहराते हुए बाइक पर बैठकर निकल जाते हैं। यह सारा वाकिया नजदीक स्थित एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था।

पकड़ा गया आरोपी मंडुवाडीह थाना क्षेत्र का आदर्श नगर कॉलोनी निवासी विनोद कुमार भारती है। जबकि फरार दूसरा आरोपी चौक निवासी शेरू खान की पुलिस को तलाश है।

खुलासा करने वाले क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह और उनकी टीम को वाराणसी एसएसपी आरके भारद्वाज ने 10 हजार का नगद पुरस्कार दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *