पेड़, पानी और खेती बचाने की मुहिम चला रहा आरन्यक फाउंडेशन

आशुतोष त्रिपाठी
वाराणसी। पेड़ों की हरियाली बचाने, जल और मिट्टी के संरक्षण तथा खेती को प्रकृति के अनुकूल बनाने के संकल्प के साथ आरन्यक फाउंडेशन पूर्वांचल में पर्यावरण संरक्षण की मुहिम चला रही है। सीड बॉल निर्माण, पौधरोपण, जैविक खेती और पराली प्रबंधन के माध्यम से संस्था बच्चों, युवाओं और किसानों को प्रकृति के प्रति उनकी जिम्मेदारी का एहसास करा रही है।

इसी कड़ी में कुछ माह पहले वाराणसी के सामनेघाट क्षेत्र में सीड बॉल निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर बड़ी संख्या में सीड बॉल तैयार किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। वहीं कोटा गांव में लगभग 20 हजार सीड बॉल तैयार कर विभिन्न स्थानों पर फैलाने का अभियान चलाया गया।

जलवायु और मिट्टी संरक्षण को ध्यान में रखते हुए फाउंडेशन किसानों के बीच भी जागरूकता अभियान भी चलाता रहता है। जौनपुर के धर्मापुर विकासखंड की ग्राम पंचायत सरेया में आयोजित किसान गोष्ठी में किसानों को पराली न जलाने, उसके उचित प्रबंधन और कृषि यंत्रों पर मिलने वाले सरकारी अनुदान की जानकारी दी गई। वहीं चंदौली में किसान संवाद गोष्ठी के माध्यम से जैविक खेती अपनाने, रासायनिक उर्वरकों का इस्तेमाल कम करने और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया था।

फाउंडेशन की संस्थापक एवं चेयरपर्सन चेतना सिंह का कहना है कि पेड़, पानी और मिट्टी का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा है। पर्यावरण बचाना केवल किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। इसके लिए सभी को पौधरोपण के साथ प्रकृति संरक्षण के अभियानों में सक्रिय भागीदारी करनी होगी।

इन अभियानों में वैभव सिंह, सृष्टि सिंह, पवन सिंह, वीरेंद्र विक्रम सिंह, जय सिंह, शशांक सिंह, पंकज सहित फाउंडेशन के अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रहती हैं। संस्था का प्रयास है कि जनभागीदारी के माध्यम से हरियाली बढ़े, जल और मिट्टी सुरक्षित रहें तथा खेती को टिकाऊ बनाकर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।