आशुतोष त्रिपाठी
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के वाणिज्य संकाय की ओर से नवागंतुक स्नातकोत्तर छात्रों के लिए दीक्षारंभ (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एमबीए एवं एम.कॉम. के नए छात्रों को विश्वविद्यालय और संकाय के शैक्षणिक वातावरण, शोध एवं नवाचार के अवसरों, परिसर की सुविधाओं, छात्र सहायता व्यवस्थाओं तथा करियर विकास की संभावनाओं से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मूल दृष्टिकोण और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के आदर्शों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने छात्रों के समग्र विकास, चरित्र निर्माण, उद्यमिता, अनुशासन और निरंतर सीखने को सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी बताया। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए छात्रों से जीवन और शिक्षा के प्रति सकारात्मक, उद्देश्यपूर्ण एवं जिम्मेदार दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेपी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए समय प्रबंधन और निरंतर आत्म-विकास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों को अपने A.S.K. (Attitude, Skills and Knowledge) को निरंतर मजबूत करने तथा A.C.T. (Acceptance, Commitment and Theory) के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता और संतुलन के लिए IQ, EQ और SQ का समन्वित विकास आवश्यक है।
मुख्य वक्ता एवं अधिष्ठाता, छात्र कल्याण, प्रो. रंजन कुमार सिंह ने छात्रों को विश्वविद्यालय के चार प्रमुख स्तंभों—शिक्षा, अनुसंधान, विस्तार और प्रशासन—की भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने शोध एवं प्रकाशन के उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए छात्रों को अकादमिक और शोध गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
नए छात्रों और अतिथियों का स्वागत करते हुए वाणिज्य संकाय प्रमुख एवं विभागाध्यक्ष प्रो. एच.के. सिंह ने स्वागत व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा अध्ययन के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व और व्यावसायिक कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सम्माननीय अतिथियों डॉ. राजेश कुमार सिंह, प्रो. विक्रम सिंह और प्रो. निशत अफ़रोज़ की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने नवागंतुक छात्रों से संवाद कर उन्हें उच्च शिक्षा के साथ अपने करियर और भविष्य की दिशा को लेकर सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
छात्रों को बताई गईं विश्वविद्यालय की सुविधाएं
ओरिएंटेशन सत्रों के दौरान छात्रों को बीएचयू परिसर और वाणिज्य संकाय में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं सहायता प्रणालियों की जानकारी दी गई। इनमें—
- केंद्रीय एवं संकाय पुस्तकालय की सुविधाएं
- छात्रावास एवं स्वास्थ्य सेवाएं
- वाई-फाई कनेक्टिविटी और खेल सुविधाएं
- एनएसएस, एनसीसी एवं सांस्कृतिक और रंगमंच गतिविधियां
- प्लेसमेंट एवं इंटर्नशिप सहायता
- कौशल विकास एवं करियर उन्मुख कार्यक्रम
- छात्र कल्याण संबंधी विभिन्न पहल
- छात्र शिकायत निवारण व्यवस्था
- विश्वविद्यालय की सख्त एंटी-रैगिंग नीति
शामिल रहीं।
कार्यक्रम का समापन कार्यक्रम की आयोजक डॉ. वंदना श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम में 150 से अधिक नवागंतुक छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीक्षारंभ कार्यक्रम ने नए विद्यार्थियों को बीएचयू के शैक्षणिक एवं सामाजिक परिवेश से जोड़ने के साथ उन्हें आत्मविश्वास, कौशल, शोध की भावना और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
