HSRP के नाम पर फर्जी वेबसाइट से ठगी, FIR दर्ज, पीड़ित ने कहा—”थैंक्यू लंका पुलिस”

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के निवासी पत्रकार आशुतोष कुमार त्रिपाठी से हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट बनवाने के नाम पर फर्जी वेबसाइट के जरिए 899 रुपये की ठगी हो गई। घटना 17 फरवरी 2026 की है। आशुतोष बाइक की हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट बनवाने के लिए इंटरनेट पर वेबसाइट तलाश रहे थे। इसी दौरान उन्हें विभाग की आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखने वाली एक फर्जी वेबसाइट मिली। उस पर आवेदन करने के दौरान दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन प्रकिया करने पर फोनपे से 899 रुपये कट गए।

करीब 30 दिन बाद भी नंबर प्लेट नहीं पहुंची तो आशुतोष ने पड़ताल की। बैंक लेन-देन से पता चला कि रकम आकाश कुमार की भुगतान पहचान पर गई थी। पीड़ित ने 23 मार्च 2026 को जनसुनवाई प्रणाली पर शिकायत दर्ज कराने के बाद लंका थाने में तहरीर दी। लंका पुलिस ने गुरुवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फर्जी वेबसाइट और ठगी से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। आशुतोष ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू करने पर लंका पुलिस का आभार जताया और रकम बरामद होने व साइबर ठगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उम्मीद जताई।