हरियाली उत्सव: गोपी राधा में सजी पौधों की खूबसूरत प्रदर्शनी

आशुतोष त्रिपाठी

वाराणसी। रवींद्रपुरी स्थित गोपी राधा बालिका इण्टर कॉलेज में बुधवार को पृथ्वी दिवस पर पौध प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर प्रसिद्ध होम्योपैथी चिकित्सक एवं ग्रीन ईको मूवमेंट सोसायटी के संचालक डा. रमेश कुमार भाटिया ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

उन्होंने बच्चों द्वारा पाले गए पौधों और उनकी प्रकृति के प्रति लगन की सराहना की। प्रदर्शनी में चार सौ से अधिक किस्म के पौधे शामिल थे। इस अवसर पर वाराणसी संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डा. जितेंद्र धर द्विवेदी ने वैदिक मंत्रों से धरती माता की आराधना की।

इस अवसर पर विद्यालय के कंप्यूटर एवं आईटी एजुकेशन के समन्वयक श्री शेष नारायण केसरवानी की पुस्तक कंप्यूटर साइंस का विमोचन किया गया। यह किताब यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट सिलेबस पर आधारित उत्तर प्रदेश की पहली पुस्तक है।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक डा. मनोज कुमार शाह, निदेशिका डा. शालिनी शाह ने स्वागत, उप प्रबंधक डा. अभिनव भट्ट ने संचालन व प्रधानाचार्या श्रीमती नीति जायसवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुश्री स्मृति साह, समन्वयक श्री रत्नेश गोविंद, प्रशासनिक सलाहकार श्री सुभाष सिंह इत्यादि ने पृथ्वी दिवस पर विचार व्यक्त किये।