वाराणसी में कोरोना का कहर: एक साथ 7 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव, नया हॉट स्पॉट बना मड़ौली

आशुतोष त्रिपाठी

वाराणसी में कोरोना के 7 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें से 6 मदनपुरा हॉट स्पॉट के है जिनका संपर्क जमाती से था। एक अन्य व्यक्ति मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली का है। शुक्रवार को इन सभी की कोरोना सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही हड़कंप मच गया।

इतनी बड़ी संख्या में एक साथ पॉजिटिव मामले अभी तक वाराणसी में सामने नहीं आए थे। वाराणसी में अभी तक 19 पॉजिटिव मामले थे। अब यह संख्या बढ़कर 26 हो गई हैं। इनमें से 1 की मौत हो चुकी है। 8 लोग ठीक हो चुके हैं।

जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को वाराणसी में 7 कोरोना सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। इसमे मदनपुरा हॉट स्पॉट के 6 लोग हैं। सभी 6 लोग एक दिल्ली से लौटे मदनपुरा के जमाती व्यक्ति की कांटेक्ट ट्रेसिंग से जानकारी में आये थे। यह 55 वर्षीय जमाती व्यक्ति पहले कोरोना नेगेटिव था। जिसका कुछ दिन बाद लिया गया सैंपल पॉजिटिव हो गया था।

इनकी कांटेक्ट ट्रेसिंग में इनके साथ मस्जिद में नमाज पढ़ने वाले व अन्य मिला कर कुल 41 व्यक्तियों को पुलिस के द्वारा चिन्हित किया गया था। उन्ही के सैंपल में से ये 6 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। जमाती व्यक्ति पहले से पं0 दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय के आइसोलेशन वार्ड में है।

डीएम ने बताया कि मदनपुरा हॉट स्पॉट में पहले से 7 कोरोना पॉजिटिव लोग हैं। अब नए लोगो को मिला कर इस हॉट स्पॉट के 13 लोग पॉजिटव हो गये हैं। इसके अतिरिक्त एक 29 वर्षीय व्यक्ति मड़ौली, थाना क्षेत्र मडुवाडीह से भी पॉजिटिव पाया गया है।

यह दवा व्यवसायी है। यह व्यक्ति पं0 दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में जांच के लिए आया था, उस समय इनको खांसी, बुखार था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर में इसका सैंपल 20 अप्रैल को लिया गया था। पूर्व के 6 हॉट स्पॉट के साथ अब एक और 7 वां हॉट स्पॉट मड़ौली बनाया जा रहा है। (फ़ाइल फोटो)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *