फरीदाबाद: दिनदहाड़े कांग्रेस प्रवक्ता को गोलियों से किया छलनी, मारी गई 10 गोलियां

फरीदाबाद: फरीदाबाद में हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी। हत्या की यह वारदात सेक्टर-9 स्थित पीएचसी जिम के बाहर की है, जहां वे प्रतिदिन एक्सरसाइज करने के लिए आते थे।

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर कार से भाग गए। हत्या की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारों को गिरफ्तार करने की बात कह रही है।

पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9 बजे की है। विकास यहां सेक्टर-9 स्थित जिम पहुंचे थे, तभी उन पर हमला हुआ। आसपास के लोग घायल विकास को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि विकास को बदमाशों ने  10 गोलियां मारी हैं।

विकास, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर के करीबी लोगों में शामिल थे। कई सालों से राजनीति में सक्रिय विकास तेजी से आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान उनके कई दुश्मन भी बन गए, उन्हें भी इस बात का अंदाजा था। इसलिए वह हमेशा अपने साथ 3 से 4  निजी सुरक्षाकर्मी रखते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *