मुलायम सिंह की तबीयत फिर बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती, हो सकती है सर्जरी

नई दिल्ली: यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद मुलायम सिंह यादव को सोमवार दोपहर को गाजियाबाद के कौशांबी के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि यूरीन रुकने की वजह से उन्हें भर्ती कराया गया है। इसकी जांच के लिए कई टेस्ट कराए गए हैं। संभवतः मंगलवार को उनकी सर्जरी की जाएगी।

यहां पर बता दें कि बीते कुछ समय से मुलायम सिंह यादव की तबीयत खराब चल रही है। इससे पहले शुगर लेवल बढ़ने के कारण उन्हें शनिवार शाम को गुरुग्राम के मेदांता  मेडी सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद सोमवार को आराम नहीं आने और तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कौशांबी लाया गया।

यशोदा अस्पताल के एमडी डॉ. पीएन अरोड़ा ने बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टर्स की टीम उनकी देखरेख कर रही है। उनकी सभी जांच की जा रही है। किसी प्रकार की चिंता का विषय नहीं है। शुगर लेवल कंट्रोल होते ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। गौरतलब है कि 10 जून को भी उनको मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीते 15 दिन में उन्हें तीसरी बार अस्पताल में भर्ती होने पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *